Wed. Jul 24th, 2024

( प्रचंड धारा ) छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के पद को लेकर बना संशय रविवार को खत्म हो गया। भारतीय जनता पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक में विष्णु देव साय को नया मुख्‍यमंत्री चुना गया। हालांकि इसकी औप‍चारिक घोषणा होना बाकी है।

विष्णु देव साय , vishnu dev sai , chhattisgarh new cm

भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद विष्‍णु देव साय को विधायकों और समर्थकों ने फूलमालाओं से लाद दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। बैठक में विष्‍णु देव साय को विधायक दल का नेता चुने जाने की वरिष्‍ठ नेताओं ने सूचना दी।

नेता चुने जाने के बाद साय ने पार्टी का आभार मानते हुए कहा कि पार्टी ने एक छोटे से कार्यकर्ता पर इतना विश्‍वास जताया और राज्‍य का नेतृत्‍व करने का दायित्‍व दिया है। उन्‍होंने पार्टी के वरिष्‍ठ नेताओं का भी आभार माना। उन्‍होंने कहा कि पीएम मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा का भी आभार जिन्‍होंने मुझ पर विश्‍वास जताया।

साय ने कहा कि वे सबके विश्‍वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनका प्रयास होगा कि मोदी की गारंटी का राज्‍य में क्रियान्‍वयन हो।

नव निर्वाचित विधायकों की बैठक रविवार को हुई। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में इस बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता का चयन किया गया।

बैठक के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा व सर्वानंद सोनोवाल और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम रायपुर के बीजेपी कार्यालय पहुंचे। बैठक में नवनिर्वाचित प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री व चुनाव सह प्रभारी डा. मनसुख मांडविया, भाजपा संगठन सह प्रभारी नितिन नबीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह भी उपस्थित रहे। इस बीच पर्यवेक्षक अर्जुन मुंडा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा था शाम तक छत्तीसगढ़ को मिल जाएगा नया मुख्यमंत्री।